इज्जतनगर। रेलवे मंडल के सीनियर डीएसटीई धनंजय सिंह ने अपनी पत्नी, सास-ससुर समेत पांच नामजद और 16 अज्ञात के खिलाफ सरकारी आवास में घुसकर हंगामा, तोड़फोड़ और अभद्रता के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों ने उन्हें बंधक बनाकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है।
सीनियर डीएसटीई धनंजय सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रोड नंबर दो पर सरकारी बंगले में रहते हैं। उनकी शादी 21 फरवरी 2026 को अलीगढ़ में डॉ अवि सिंह से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी का उनके और माता-पिता के प्रति व्यवहार ठीक नहीं रहा। 30 जुलाई को वह अपने पिता मोहित सिंह के साथ फरीदाबाद चली गईं। चार सितंबर की सुबह करीब 8रू30 बजे उनकी पत्नी डॉ अवि, सास किरन, ससुर मोहित सिंह समेत पांच गाड़ियों में आए। करीब 20 लोग उनके सरकारी आवास में घुस गए और हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी उनसे मारपीट को आमादा हो गए और ऑफिस नहीं जाने दिया। इस तरह उन्हें बंधक बनाकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।
धनंजय का आरोप है कि पत्नी और ससुराल वालों ने उन्हें और उनके माता.पिता को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। डायनिंग रूम में रखा सामान भी तोड़ दिया, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। उन्होंने अपनी व माता पिता की चिंता जताते हुए पत्नी डॉ अवि, सास किरन, ससुर मोहित सिंह, फूफा राहुल मलिक, बुआ नम्रता चौधरी और 16 अज्ञात पर थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

