khabar abhi tak

ट्रेन से गिरकर घायल यात्री के लिए बीच रास्ते रोकी गोंडवाना एक्सप्रेस, रेलकर्मियों की संवेदनशीलता से समय पर मिला उपचार

जबलपुर। भारतीय रेल यात्रियों की सुरक्षित एवं सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आवश्यकता के समय मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता के साथ उनकी सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। इसी भावना का सराहनीय उदाहरण जबलपुर मंडल में देखने को मिला, जब ड्यूटी के दौरान घायल यात्री की सूचना मिलते ही रेलकर्मी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और आगे की चिकित्सा सहायता के लिए सुरक्षित रूप से जबलपुर स्टेशन तक पहुंचाया।

गत दिवस  गाड़ी संख्या 22182 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर गोंडवाना एक्सप्रेस में सागर से जबलपुर के लिए ड्यूटी पर कार्यरत श्री चतर सिंह मीना सीनियर पैसेंजर ट्रेन मैनेजर, सागर स्टेशन को जबलपुर मंडल में आधारताल स्टेशन के उप स्टेशन प्रबंधक द्वारा सूचना दी गई कि आधारताल एवं जबलपुर स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 995/21-19 के पास एक यात्री घायल अवस्था में है।

सूचना मिलते ही श्री चतर सिंह मीना ने त्वरित संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए चालक से उक्त स्थान पर गाड़ी रुकवाई। उन्होंने घायल यात्री को सुरक्षित रूप से अपने ब्रेक वैन में चढ़ाया और तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान किया। साथ ही, जबलपुर के पंक्चुअलिटी स्टाफ को घायल यात्री की स्थिति की जानकारी देते हुए जबलपुर स्टेशन पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

घायल यात्री की पहचान 22 वर्षीय सुजीत कुमार पटेल, निवासी दुर्गा चौक, कटनी के रूप में हुई, जो जबलपुर से कटनी की यात्रा कर रहे थे। गाड़ी के जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर वाणिज्य विभाग, आरपीएफ एवं जीआरपी स्टाफ द्वारा समन्वय एवं तत्परता से घायल यात्री को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई। रेलवे स्टाफ द्वारा यात्री के परिजनों से भी संपर्क किया गया। परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्री का ऑपरेशन हो चुका है और वर्तमान में उनकी स्थिति ठीक है।

श्री चतर सिंह मीना द्वारा ड्यूटी के दौरान दिखाई गई सजगता, मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई, तथा जबलपुर स्टेशन पर वाणिज्य विभाग, आरपीएफ एवं जीआरपी स्टाफ के समन्वित सहयोग ने यात्री को समय पर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak