जबलपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने आज सुबह खेरमाई, हनुमानताल, संजय गांधी वार्ड तथा अब्दुल हमीद वार्ड की बस्तियों, कॉलोनियों, स्कूल परिसरों और संजीवनी क्लिनिक का औचक निरीक्षण कर लापरवाह सफाई ठेकेदारों पर जुर्माना ठोकने के आदेश दिए। मैदानी हकीकत परखने निकले आयुक्त के साथ स्थानीय पार्षद कलीम खान, आयशा परवीन, अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अशफाक परवेज कुरैशी, उपायुक्त संभव अयाची और स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा मौजूद रहे। हनुमानताल तालाब एवं रजा चौक पर फैली गंदगी देखकर भड़के निगमायुक्त ने मौके पर ही संबंधित क्षेत्र प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा सफाई एजेंसियों पर पेनल्टी लगाने की बात कही। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कर्मचारी या ठेकेदार को बख्शा नहीं जाएगा।
लापरवाह सफाई एजेंसियों पर जुर्माना, प्रभारियों को नोटिस
सड़कों पर अचानक पहुंचे प्रशासनिक अमले को देखकर सफाई अमले में हड़कंप मच गया। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में हीलाहवाली कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जलभराव की संभावित समस्या को खत्म करने के लिए क्षेत्र के छोटे-बड़े नाले और नालियों की तलीझाड़ सफाई तत्काल प्रभाव से पूरी कराने को कहा। जिन स्थानों पर कचरे का समय पर उठाव नहीं हो रहा, वहां अतिरिक्त वाहन और सफाई कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए गए। स्कूल परिसरों तथा स्वास्थ्य केंद्रों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की रूपरेखा तय की गई ताकि बच्चों और मरीजों को संक्रमण का खतरा न रहे।
खुले गंदे नालों को तुरंत ढंकने के निर्देश
सघन बस्तियों के भ्रमण के दौरान निगमायुक्त ने दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सभी खुले नालों पर मजबूत स्लैब डालकर उन्हें तत्काल कवर कराने की ताकीद की। नालियों से निकाली गई सिल्ट को सड़क किनारे छोड़ने के बजाय तुरंत डंपिंग साइट पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सामने रखीं, जिस पर अधिकारियों ने समय-सीमा के भीतर निराकरण का भरोसा दिया। पूरे क्षेत्र में सुबह के वक्त डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन गाड़ियों की नियमित मॉनिटरिंग के लिए विशेष निगरानी दल गठित किया गया है, जो रोज अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपेगा।

