दमोह। दमोह में मडिय़ादो के जंगल में आज दोपहर दम्पति पर भालू ने उस वक्त हमला कर दिया, जब वे लकड़ी बीन रहे थे। माता-पिता पर हमला होते देख बच्चे चीखते हुए जान बचाकर भाग निकले और गांव आकर लोगों को जानकारी दी। खबर मिलते ही ग्रामीण पहुंच गए और घायल दम्पति को उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हटा के सिविल अस्पताल रेफर किया गया।
बताया गया है कि ग्राम कारीबरा निवासी लक्ष्मण आदिवासी उम्र 40 वर्ष अपनी पत्नी मनीषा 35 वर्ष व बच्चों को लेकर मडिय़ादो के जंगल में आज दोपहर दो बजे के लगभग लकड़ी बीनने के लिए पहुंचा। जब दम्पति व बच्चे लकड़ी बीन रहे थे, इस दौरान शावकों के साथ पहुंचे भालू ने दम्पति पर हमला कर दिया। हमला होते ही लक्ष्मण ने भालू को लाठी मारकर खदेड़ दिया, कुछ पल बाद फिर भालू ने हमला कर दिया, तीन बार भगाने के बाद भी भालू ने लौटकर फिर हमला किया। हमले में दम्पति के शरीर पर गंभीर चोटें आई। वहीं भालू को देख बच्चे चीखते हुए जंगल से भाग निकले और गांव में आकर लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कई लोग जंगल पहुंच गए और भालू को खदेड़कर दम्पति को मडियादो स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हटा के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद वन विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए थे, जिन्होने घायलों को हाल जाना और शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता दी।
Tags
damoh