khabar abhi tak

बहन को बचाने भाई कुएं में कूदा, दोनों की मौत, ब्योहारी में हादसा

शहडोल. एमपी के शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में कुएं में डूबने से भाई-बहन की मौत हो गई। घटना रविवार की देर शाम ग्राम भमरहा-दो की है। जानकारी के अनुसार, 13 साल की शिवानी गोंड घर के पास स्थित कुएं में नहाने गई थी। पानी निकालते समय उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गई।

बहन को डूबता देख उसका 14 साल का भाई अमित सिंह गोंड उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गया। हादसे में दोनों की डूबने से मौत हो गई। कई कोशिशों के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों की मौत से गांव में मातम छा गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान अमित सिंह गोंड (14) और शिवानी गोंड (13) के रूप में हुई है। दोनों उदयभान गोंड के बच्चे थे। एक साथ दोनों बच्चों की मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस दूसरे एंगल से भी जांच कर रही

सूचना मिलने पर ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मर्ग दर्ज किया और पोस्टमॉर्टम के लिए ब्यौहारी सिविल अस्पताल भेज दिया। सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि बहन के कुएं में गिरने के बाद भाई उसे बचाने के लिए कुएं में कूदा था। पुलिस हादसे के दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak