धार. मध्य प्रदेश के धार में इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर रविवार-सोमवार की दरमियानी देर रात ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा आतेड़ी फाटा और खाखेड़ी फाटा के बीच रात करीब 12:32 बजे हुआ। इसमें बच्चों समेत 10 से 12 लोग घायल हो गए। सभी मजदूर दाहोद से नागपुर मजदूरी करने जा रहे थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे कई लोग उछलकर नीचे गिर गए। हादसे की सूचना मिलते ही एफआरवी-13 अमझेरा में तैनात सैनिक रतन भाभर और पायलट नरेंद्र सिंह पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अमझेरा अस्पताल पहुंचाया। यहां सभी को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
पांच घायलों को धार भेजा
घायलों में रमेश पिता अंबाजी भूरिया (40), रवि पिता रमेश (28), आकाश पिता रमेश (26), रुद्राक्ष पिता रवि (2), पूर्वी पिता रवि (3), सुशीला पति रवि, संपदा पति निलेश (32), मेघा पिता गणेश (25), सैजल पति राहुल (25) और मडी पति रमेश (38) सहित अन्य लोग शामिल हैं।
अमझेरा अस्पताल में इलाज के बाद पांच घायलों को धार जिला अस्पताल भेजा गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। बाकी घायलों का अमझेरा अस्पताल में इलाज चल रहा है। अमझेरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
