khabar abhi tak

एमपी में दर्दनाक हादसा : कार पेड़ से टकराई, 4 युवकों की मौत, 1 घायल

मंडीदीप. राजधानी भोपाल के नूरगंज थाना क्षेत्र के औबेदुल्लागंज-सलकनपुर रोड पर ग्राम दीवटिया में सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

हादसा ग्राम दीवटिया में पेट्रोल पंप के पास हुआ। कार तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। 

औबेदुल्लागंज से दिवटिया जा रहे थे

हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक दीवटिया गांव के निवासी थे। ये सभी औबेदुल्लागंज से दिवटिया जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे पेट्रोल टैंक के पास पेड़ से कार टकरा गई। मृतकों में शुभम नागर (24) मंडीदीप की एक कंपनी में काम करता था। कार ड्राइव कर रहा गौरव नागर (24) पढ़ाई करता था। आशीष नागर (22) कीटनाशक की दुकान पर काम करता था। वहीं, कृष नागर (20) छात्र था। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रशांत नागर को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल एम्स भेजा गया है। वहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।

क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर रास्ता साफ कराया

घटना की सूचना मिलते ही नूरागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर रास्ता साफ कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak