khabar abhi tak

यार्ड में खड़ी ट्रेन से तांबे का तार चोरी करते आरपीएफ ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार

जबलपुर। रेल मंडल के अधारताल स्टेशन के यार्ड में खड़ी ट्रेनों के नीचे अंधेरे में घुसकर 6 युवक लगातार अंडरगियर कॉपर वायरिंग काट रहे थे। पिछले दिनों आरपीएफ जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। टीम ने घेराबंदी की और छह युवकों को वायरिंग काटते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। तलाशी और पूछताछ के बाद जब चोरी के माल की खरीद-फरोख्त की कड़ी खंगाली गई तो दो कबाडिय़ों के नाम सामने आए। सोमवार को उन्हें भी पकड़ लिया। उनके कब्जे और निशानदेही से चुराकर बेची गई रेल संपत्ति बरामद की गई।

आरोपितों में छह चोर और दो कबाड़ी

पकड़े गए वायरिंग चोरी के आरोपितों में हनुमानताल निवासी सोहिल खान उर्फ मोंटी (25), मोहम्मद आसिफ खान (22), गोहलपुर मोहम्मद तर्मीजी उर्फ सलमान (28), मोहम्मद नूरुद्दीन उर्फ नूरु (32), मोहम्मद सोनू (23) और मूलत: कुंडम निवासी और वर्तमान में हनुमानताल में रह रहा सोहिल अंसारी उर्फ वेल्डर (23) शामिल हैं। चोरी का माल खरीदने के आरोप में कबाड़ी गोहलपुर के नईबस्ती निवासी मोम्मद अनवर अंसारी (47) व हनुमानताल के मोती नगर निवासी मोहम्मद अयुव उर्फ बब्लू चाटी (57) को पकड़ा है। सभी के विरुद्ध रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

कोचों के नीचे लगी अंडरगियर कॉपर वायरिंग थी निशाने पर

गिरोह का निशाना ट्रेनों के कोचों के नीचे लगी अंडरगियर कॉपर वायरिंग थी। आरोपित पहले खड़ी ट्रेनों की रेकी करते और मौका मिलते ही कोच के नीचे जाकर वायर काट देते थे। चोरी की वायरिंग कबाडिय़ों को बेचने पर आरोपित अच्छी राशि प्राप्त करते थे। आरोपितों की संवेदनशील वायरिंग से छेड़छाड़ रेल परिचालन और सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर सकती थी। आरपीएफ ने आम लोगों से रेलवे स्टेशन, यार्ड एवं रेलवे पटरियों के आसपास संदिग्ध व्यक्ति व गतिविधि दिखाई देने पर निकटतम आरपीएफ पोस्ट या रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन को सूचना देने के लिए कहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak