मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की सुबह दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक घायल की हालत गंभीर है. सभी मृतक गुडग़ांव हरियाणा के हैं.
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर गरोठ के यहां से एक ट्रक चढ़ा। अभी ट्रक चालक एक्सप्रेस वे पर पहुंचा ही था कि पीछे से तेज गति से आ रही कार उसमें जा घुसी। मौके पर ही कार सवार अरविंद पुत्र रोशनलाल निवासी सिकंदरपुर गुडग़ांव (हरियाणा), बिंदर पुत्र जगतसिंह निवासी नाथूपुर गुडग़ांव (हरियाणा), कैलाश निवासी अलवर (राज) की मौत हो गई। उनके शव भी काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाले।
ट्रक के पीछे लाइट बंद थी
वही हादसे में विजेंदर पुत्र हरपाल निवासी नाथूपुर गुडग़ांव (हरियाणा) घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि ट्रक में पीछे से कार घुसने पर ही हादसा हुआ है। घायल विजेंदर ने बताया कि जब ट्रक ड्राइवर एक्सप्रेस वे पर ट्रक लेकर आया तो ट्रक के पीछे की लाइट बंद थी। साथ ही बारिश होने के कारण भी ट्रक दिखी नहीं। और यह हादसा हो गया। चारों युवक बांसवाड़ा के पास प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चाचाकोटा जा रहे थे।
