बालाघाट. गोंदिया-बालाघाट हाईवे पर नागरा-मोहरनटोली के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप गाड़ी के बीच आमने-सामने की भयानक टक्कर हो गई. इस भीषण सड़क हादसे में पिकअप में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए. हादसे में शामिल सभी लोग मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के रहने वाले थे.
खबरों के अनुसार, पिकअप में सवार लोग मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के रहने वाले थे. सभी लोग काम के सिलसिले में हैदराबाद जा रहे थे. यह हादसा सुबह के समय हुआ. इस समय नागरा-मोहरनटोली के पास पिकअप गाड़ी तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए. गाड़ी में बैठे कई लोग अंदर फंस गए थे. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
6 लोगों की मौके पर मौत
इस हादसे में 6 लोगों की जान चली गई. मृतकों की पहचान आरुष मात्रे, किरण संतोष वैद्य, संतोष मात्रे, सुशीला मात्रे, रूपसेन सत्यकार और ज्योति सत्यकार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सभी मृतक बालाघाट जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले थे. वहीं, 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और गोंदिया ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और लोगों ने मिलकर पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को इलाज के लिए केटीएस जिला जनरल अस्पताल, गोंदिया भेजा गया. घायलों में भूमेश्वर मात्रे, संगीता मात्रे, राजेंद्र पंचाले, लक्ष्मी पंचाले, संतोष वैद्य, राकेश बाहे और पिकअप ड्राइवर संदीप बाहे शामिल हैं. डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. गोंदिया ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है.
