khabar abhi tak

एमपी : सागर में जहरीली शराब का कहर जारी, पंचायत सचिव ने भी तोड़ा दम, मृतकों की संख्या 33 पहुंची

सागर। एमपी के सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुडारी बुजुर्ग में पदस्थ पंचायत सचिव अजय लोधी (30) की शुक्रवार की रात को बीएमसी सागर में उपचार के दौरान मौत हो गई। अजय स्वर्गीय गनपत सिंह लोधी के पुत्र थे। जहरीली शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी और उन्हें उपचार के लिए बीएमसी में भर्ती कराया गया था।

परिजनों के मुताबिक अजय के पिता की मृत्यु के बाद कुछ वर्ष पहले ही उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। उनकी मौत के बाद जिले में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या 33 हो गई है। वहीं करीब एक दर्जन लोग अभी बीएमसी के आईसीयू में उपचाररत हैं।

एक सप्ताह में हर दिन मौतें

जहरीली शराब को पीने के बाद 5 सितंबर से जहरीली शराब से प्रभावितों को बीएमसी में भर्ती कराया जा रहा है। तब से लेकर अब तक एक दिन भी ऐसा नहीं गया, जब किसी की मौत नहीं हुई हो। अब तक 33 लोग की मौत इस जहरीली शराब से हो चुकी है। जहरीली शराब पीकर मरने वाले लोगों में 25 से 38 साल के नौजवानों की संख्या सबसे ज्यादा है। वहीं एक महिला की भी मौत इस जहरीली शराब से हुई है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

जहरीली शराब प्रकरण में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई जारी है। अवैध शराब बनाने और बेचने में शामिल आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के साथ उनके मकानों को भी ध्वस्त किया जा रहा है। सरकारी जमीन से कब्जे हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है। उधर शराब बनाने का कथित फार्मूला उपलब्ध कराने के आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए बीएमसी में भर्ती कराया गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak