khabar abhi tak

एमपी के छतरपुर में बारिश के बीच मकान और दीवार गिरने से दो लोगों की मौत, 3 बच्चे घायल

छतरपुर. एमपी के छतरपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जिले में दो स्थानों पर मकान व दीवार गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई जबकि 3 बच्चे घायल हुए हैं। घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों ही घटनाओं के बाद गांवों में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

छतरपुर जिले के गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र के सिंदूरकी गांव में जर्जर मकान की अचानक दीवार गिरने से 70 वर्षीय लक्ष्मी प्रसाद राजपूत की दबने से मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग लक्ष्मी प्रसाद खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुराने मकान की दीवार भरभराकर गिर गई और बुजुर्ग समेत तीन बच्चे मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और सभी को बाहर निकाला। लक्ष्मी प्रसाद की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना पर गढ़ी मलहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

कच्चा मकान गिरने से वृद्धा की मौत

वहीं छतरपुर के ही बिजावर थाना क्षेत्र के धरमपुरा पहलेपुरा गांव में कच्चा मकान गिरने से 90 वर्षीय कालिया बाई बिन्दुआ की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ, जब कालिया बाई घर में सो रही थीं। मकान अचानक ढह गया और वह मलबे में दब गईं। बताया गया है कि क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कच्चे मकानों के कमजोर होने की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान यह मकान अचानक ढह गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak