जबलपुर। गरीबों को भोजन और बच्चों को कोचिंग देने वाली संस्था दर्पण रोटी बैंक के 10वें स्थापना दिवस पर आयोजित दोहरे सेवा प्रकल्प में 55 गर्भवती महिलाओं को गर्भ संस्कार का प्रशिक्षण मिला, वहीं 24 लोगों ने रक्तदान किया। दिल्ली से आईं मुख्य वक्ता डॉ. दीपा प्रमोद जैन ने गर्भाधान, गर्भसंस्कार और गर्भशोधन के आध्यात्मिक व वैज्ञानिक महत्व की जानकारी दी। मंच संचालन प्रिन्सी जैन और अंकित कुबेर ने किया, जबकि विक्टोरिया अस्पताल दल ने डॉ. अमिता जैन की अगुवाई में रक्त संकलन का काम पूरा कराया। आयोजन में अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद अध्यक्ष अमिता जैन, शतकवीर रक्तदाता विकास खंडेलवाल, राहुल तिवारी, संजय जैन सम्यक, नलिनी कुबेर, आर्यन गुप्ता, अर्चना गुप्ता, प्रदीप सुमन, नितिश दुबे, किरण जैन और अंकुर साहू मौजूद रहे।
गर्भवती महिलाओं को चुनरी ओढ़ाकर उपयोगी सामग्री भेंट की
समारोह में शामिल माताओं का सम्मान चुनरी ओढ़ाकर किया गया। वक्ताओं ने स्वस्थ व संस्कारी पीढ़ी निर्माण पर विचार रखे और उत्तम संतान के आशीष संग जरूरी सामान भेंट किया। इस अभिनव पहल ने उपस्थित लोगों को मातृत्व के दायित्वों से परिचित कराया। शिविर में जरूरतमंद मरीजों की खातिर महिला-पुरुषों ने बढ़-चढ़कर खून दिया। रक्त संकलन दल ने सुरक्षित मानकों के तहत संग्रह प्रक्रिया संपन्न कराई। इस दौरान शतकवीर दाताओं ने युवाओं को नियमित दान के लिए प्रेरित किया।

