जबलपुर। स्वच्छ भारत मिशन एवं भारतीय रेल की स्वच्छता संबंधी नीति के अनुरूप पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल द्वारा रेलवे परिसरों, स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं रेल परिसरों में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सघन जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, ट्रैक क्षेत्र तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाते हुए पाए गए कुल 2097 यात्रियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। इन कार्रवाइयों से रेलवे को लगभग 4 लाख 20 हजार 200 से अधिक का रेल राजस्व प्राप्त हुआ। मात्र अगस्त माह में ही 726 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिससे रेलवे को लगभग 1 लाख 45 हजार 200 का रेल राजस्व प्राप्त हुआ।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समय-समय पर रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में उद्घोषणाओं, पोस्टरों, डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों तथा विभिन्न जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से स्वच्छता संबंधी संदेश प्रसारित किए जाते हैं। इसके बावजूद कुछ यात्रियों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने एवं स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने के मामले सामने आते हैं। ऐसे मामलों में रेलवे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाती है।
मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। स्वच्छ रेलवे परिसर यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
