khabar abhi tak

सरपंच की दबंगई : कुल्हाड़ी से काटा युवक के हाथ का पंजा, हालत गंभीर, दमोह से जबलपुर रेफर

दमोह. एमपी के दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में आलमपुर बाईपास के पास शुक्रवार दोपहर तीन बजे एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पुराने विवाद के चलते हुए इस हमले में युवक के हाथ का पंजा कटकर अलग हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को परिजन गंभीर हालत में बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

घायल ने आलमपुर गांव के सरपंच समेत 6 लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल की पहचान बटियागढ़ थाना क्षेत्र के आलमपुर निवासी 33 वर्षीय गुमान पिता खेत सिंह के रूप में हुई है।

गुमान ने बताया कि वह खड़ेरी से आलमपुर बाईपास की ओर बाइक से जा रहा था। रास्ते में वह शौच के लिए रुका। तभी दो बाइकों पर छह लोग आए। मुड़ी आदिवासी ने उसका हाथ पकड़ लिया। आलमपुर गांव के सरपंच अजुद्दी आदिवासी ने चार अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे जंगल की ओर ले गए। गुमान के अनुसार, अजुद्दी आदिवासी ने उसके हाथ के पंजे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसका पंजा कट गया। उसने बताया कि वह केवल दो आरोपियों को जानता है, बाकी चार को नहीं।

एक दिन पहले भी हुआ था विवाद

गुमान ने बताया कि गुरुवार को वह सरपंच अजुद्दी आदिवासी को बिजली ऑफिस लेकर गया था। वापस लौटते समय सरपंच ने ढाबे पर चिकन खाने को कहा। चिकन खाने के बाद जब वे चले, तो सरपंच ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। जब गुमान ने गाड़ी ठीक करवाने को कहा, तो सरपंच ने मना कर दिया। इसके बाद सरपंच ने गाड़ी पर पत्थर भी मारा। गुमान के मुताबिक, यही पुराना विवाद इस हमले की वजह बना।

डायल 112 से मिली सूचना

बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने बताया कि डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई थी कि आलमपुर निवासी गुमान सिंह का किसी व्यक्ति द्वारा हाथ काट दिया गया है। घायल को इलाज के लिए बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र से जबलपुर रेफर किया गया है और मामले में जांच जारी है।

घायल जबलपुर रेफर

ड्यूटी डॉक्टर का कहना है कि डायल 112 की मदद से एक युवक को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। मारपीट में उसका हाथ कट गया था। जिसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak