khabar abhi tak

बीना आगासौद यार्ड रीमॉडलिंग से 16 ट्रेनों का बदला रूट, कई ट्रेनें जबलपुर होकर की गई डायवर्ट

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के बीना और उत्तर मध्य रेलवे के आगासौद स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन जोडऩे के लिए यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जा रहा है. इसके चलते अक्टूबर में बीना होकर गुजरने वाली 16 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है. इनमें कई ट्रेनें इटारसी-जबलपुर होकर डायवर्ट किये जाने का निर्णय लिया गया है.

रेलवे के मुताबिक बीना और आगासौद स्टेशनों पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का काम 1 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है. यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को देखते हुए निर्धारित तारीखों पर ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है.

रीवांचल एक्सप्रेस सहित ये गाडिय़ां जबलपुर होकर जायेंगी

गाड़ी संख्या 12185 रीवा-रानी कमलापति रीवांचल एक्सप्रेस और 12186 रानी कमलापति-रीवा रीवांचल एक्सप्रेस 8 से 14 अक्टूबर तक क्रमश: इटारसी-जबलपुर-कटनी और कटनी-जबलपुर-इटारसी होकर चलेगी. दोनों ट्रेनों की सात-सात सेवाएं परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी. इसके अलावा 11465 वेरावल-जबलपुर और 11466 जबलपुर-वेरावल एक्सप्रेस भी निर्धारित तिथियों पर भोपाल-इटारसी होकर चलेगी.

इन ट्रेनों का भी बदला मार्ग

हावड़ा-भोपाल और भोपाल-हावड़ा एक्सप्रेस के अलावा भोपाल-धनबाद, धनबाद-भोपाल, भोपाल-चोपन, चोपन-भोपाल, भोपाल-सिंगरौली और सिंगरौली-भोपाल एक्सप्रेस को भी परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा. इन ट्रेनों के लिए मुख्य रूप से इटारसी-जबलपुर-कटनी साउथ-न्यू कटनी जंक्शन का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है.

भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस भी प्रभावित

14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 1 से 15 अक्टूबर तक संत हिरदाराम नगर-मक्सी-नागदा-कोटा होकर चलेगी. वहीं, 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 1 से 14 अक्टूबर तक कोटा-नागदा-मक्सी-संत हिरदाराम नगर होकर संचालित होगी.

रेलवे का कहना है कि यार्ड रीमॉडलिंग पूरा होने के बाद बीना और आगासौद की यार्ड क्षमता बढ़ेगी. इससे ट्रेनों के परिचालन, ठहराव और यातायात प्रबंधन में सुधार होगा तथा भविष्य में बढ़ते रेल यातायात को अधिक सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी.

यात्रियों को सलाह

अक्टूबर में यात्रा करने वाले यात्री रवाना होने से पहले अपने ट्रेन का रूट, ठहराव और परिचालन स्थिति जरूर जांच लें. रेलवे की जानकारी रेल मदद 139, एनटीईएस और रेलवन ऐप/वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak