जबलपुर। सिविल लाइन थानान्तर्गत कांचघर हाउसिंग बोर्ड कालोनी स्थित दुर्गा मंदिर के गेट तोड़कर चोरी की वारदात करने वाले आरोपी दीपक चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने चोरी किया गया देवी जी का छत्र, दानपेटी के 5 हजार रुपए बरामद किए है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांचघर में हाउसिंग बोर्ड स्थित दुर्गा मंदिर के गेट तोड़कर 18 सितंबर की देर रात को चोरों ने 300 ग्राम चांदी का छत्र, बर्तन और दानपेटी से 5,000 रुपए की नकदी सहित कुल 1,00,600 रुपए का सामान चोरी कर लिया था। सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा करने पहुंचे, तो उन्हें ताले टूटे और सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से बात करके सिविल लाइन थाने में शिकायत की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरु कर दी। इस दौरान पुलिस को खबर मिली कि सिविल लाइन क्षेत्र के दीपक चौधरी की गतिविधियां संदिग्ध है, जिसपर दीपक चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर में चोरी करना स्वीकार लिया। पुलिस ने उसके पास से मंदिर से चोरी हुआ सारा सामान और नकदी बरामद कर ली। इसके अलावा, आरोपी के पास से 2 साल पहले सिविल लाइन थाने से ही चोरी हुई एक मोटरसाइकिल और 2 अन्य मोबाइल फोन भी मिले हैं। इनकी कुल कीमत लगभग 2.5 से 3 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।