khabar abhi tak

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर Sr DCM का औचक निरीक्षण, खान-पान स्टाल पर गुणवत्ता को परखा, दिये सख्त निर्देश

जबलपुर। रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेशन परिसर में वाणिज्यिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जबलपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीडीसीएम) शशांक गुप्ता ने जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-6 पर संचालित विभिन्न खानपान इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष रूप से परीक्षण किया गया। इस दौरान भोजन तैयार करने में उपयोग की जा रही सामग्री, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस कार्ड, गैस सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं तथा रसोई एवं परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया गया। यात्री संरक्षा की दृष्टि से अग्निशामक यंत्रों का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पूर्णत: पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्मों पर साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित एजेंसियों को स्वच्छता मानकों के अनुरूप नियमित निगरानी एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जन आहार इकाई में कार्यरत तीन वेंडर बिना पहचान पत्र के कार्य करते पाए गए। रेलवे के प्रचलित नियमों के अनुसार तीनों के विरुद्ध आर्थिक दंड की कार्रवाई की गई तथा भविष्य में ऐसी अनियमितताओं से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री गुप्ता ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि स्टेशन पर उपलब्ध सभी यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं जांच अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak