जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में पदभार ग्रहण करने के उपरांत नवागत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने कटनी मुड़वारा स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, वाणिज्यिक व्यवस्थाओं तथा सेवा गुणवत्ता का आकलन कर उन्हें और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना था।
निरीक्षण के दौरान श्री गुप्ता ने स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवर ब्रिज तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने कटनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर की गई फेंसिंग का निरीक्षण कर उसकी उपयोगिता एवं सुरक्षा संबंधी पहलुओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके अतिरिक्त स्टेशन पर स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, प्रतीक्षालय, प्रकाश व्यवस्था एवं यात्री सूचना प्रणाली का भी अवलोकन किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने टिकट बुकिंग काउंटरों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया कि यात्रियों को समय पर एवं सही जानकारी के साथ टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने नकद लेन-देन की प्रक्रिया, अभिलेखों के संधारण तथा निर्धारित वाणिज्यिक प्रक्रियाओं के अनुपालन की समीक्षा की और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान तत्काल टिकटों के निर्गमन की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया गया। श्री गुप्ता ने निर्देशित किया कि इस प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे यात्रियों को निष्पक्ष एवं सुगम सेवा प्राप्त हो सके।
खान-पान स्टालों का निरीक्षण
उन्होंने स्टेशन पर संचालित खान-पान स्टॉलों का भी निरीक्षण किया तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं यात्रियों को प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित कर्मियों को स्वच्छता मानकों का पूर्णत: पालन करने तथा यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
कर्मचारियों से भी किया संवाद
श्री गुप्ता ने कर्मचारियों के साथ संवाद कर उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में सजगता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संतुष्टि एवं सुविधा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए मंडल प्रशासन प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के उपरांत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए तथा सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया। जबलपुर मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत है।

