khabar abhi tak

बरगी क्रूज हादसे के राहत कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले एमपी ट्रांसको के कार्मिक सम्मानित



जबलपुर। विगत अप्रैल माह में बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन को महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करने वाले मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के जांबाज कार्मिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। ओल्ड स्काडा सेंटर, नयागांव, जबलपुर में आयोजित एमपी ट्रांसको के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में उनके साहस, तकनीकी दक्षता एवं सेवाभाव का अभिनंदन किया गया। उल्लेखनीय है कि हादसे के बाद किनारे से लगभग 200 मीटर दूर जलमग्न हुए क्रूज को सुरक्षित रूप से किनारे तक लाना प्रशासन के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य था। इस दौरान स्थानीय नाविकों ने ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस टीम का सुझाव दिया, क्योंकि उन्होंने इन कार्मिकों को बरगी के डूब क्षेत्र में स्थित ट्रांसमिशन टावरों एवं लाइनों के निर्माण तथा मरम्मत कार्य करते हुए देखा था।


प्रशासन के अनुरोध पर भेजी तुरंत राहत टीम


प्रशासन द्वारा एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी से सहायता का अनुरोध किए जाने पर उन्होंने तत्काल ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस टीम, जबलपुर को राहत कार्य में सहयोग हेतु निर्देशित किया। निर्देश मिलते ही टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मात्र एक घंटे के भीतर बरगी पहुंच गई और एसडीआरएफ तथा एनडीआरएफ की टीमों के साथ संयुक्त रूप से राहत कार्य में जुट गई।लगातार 24 घंटे के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप दुर्घटनाग्रस्त क्रूज को   किनारे तक लाया जा सका। इस चुनौतीपूर्ण अभियान में एमपी ट्रांसको की टीम ने अपनी तकनीकी विशेषज्ञता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट परिचय दिया।

ये हुए सम्मानित

राहत कार्य में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कार्यपालन अभियंता एपीएस चौहान, सहायक अभियंता जितेंद्र तिवारी, कनिष्ठ अभियंता राजू चौहान तथा ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस के लाइन स्टाफ  रवीन्द्र साहू, रोहित कोरी, जगदीश ठाकुर, रामनरेश सोनकर एवं यशवंत कोरी को समारोह में सम्मानित किया गया।एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी तथा समारोह के विशेष अतिथि, कंपनी के सेवानिवृत्त कार्यपालक निदेशक एवं पारेषण निर्माण विशेषज्ञ श्री स्वराज शर्मा ने सभी कार्मिकों का अभिनंदन करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया।



Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak