जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह में पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 72 कार्मिकों और 11 कार्यालयों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि चेयरमैन विशेष गढ़पाले ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, रजत पदक, शील्ड तथा नगद पुरस्कार प्रदान किए। इस गरिमामय अवसर पर पूर्व क्षेत्र कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता, पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी तथा मुख्य महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन मो. आरिफ कुरैशी मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यरत कर्मचारी, सेवानिवृत्त स्टाफ, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए।
चार श्रेणियों में हुआ प्रतिभाओं का सम्मान
पुरस्कार मार्गदर्शिका के तहत सामूहिक वर्ग में 59 और व्यक्तिगत वर्ग में 13 कर्मचारियों को चुना गया। संस्थागत स्तर पर वाणिज्य प्रबंधन एवं प्रवर्तन से जुड़े 11 दफ्तरों को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा बेस्ट प्लेस टू वर्क 5एस मैथडोलॉजी श्रेणी में 02 कार्यालयों को उत्कृष्ट कार्य परिवेश निर्मित करने के लिए शील्ड प्रदान की गई।
विद्युत कर्मियों के लिए पत्रिका विमोचित
विभागीय आदेशों, परिपत्रों, नीतियों और सेवा नियमों की सुलभ जानकारी हेतु महत्वपूर्ण संकलन प्रस्तुत किए गए। समारोह में स्थापना मित्र भाग 1, स्थापना मित्र भाग 2, नीति मित्र और पेंशन मित्र द्वितीय संस्करण पुस्तकों के साथ विद्युद् ब्रह्मेति पत्रिका का विमोचन संपन्न हुआ।
