नई दिल्ली. केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को भिलाई स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीएमई) के पद पर तैनात भारतीय रेलवे यांत्रिक अभियंता सेवा (आईआरएसएमई) के एक अधिकारी को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है। सीबीआई को अधिकारी के घरों की तलाशी में 77 लाख रुपये नगद व 14 लाख रुपये के आभूषण भी मिले हैं, जिन्हें देखकर अधिकारी भी अचंभित हो गये.
सीबीआई ने 13 अगस्त को आरोपी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसने शिकायतकर्ता से लंबित बिलों के निपटान के लिए 2 लाख रुपये का अनुचित लाभ मांगा था। बातचीत के बाद, आरोपी 1 लाख रुपये रिश्वत के रूप में लेने को तैयार हो गया।
सीबीआई ने 13 अगस्त को जाल बिछाकर वरिष्ठ डीएमई को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में कथित तौर पर 50,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। यह राशि कथित तौर पर एक दलाल के माध्यम से दी गई थी, जिसने आरोपी अधिकारी के निर्देश पर शिकायतकर्ता से पैसे वसूले थे।
77 लाख नगद, 14 लाख रुपये के जेवर मिले
जाल बिछाने के बाद, सीबीआई ने रायपुर और भिलाई में आरोपी अधिकारी के आवासीय और कार्यालय परिसरों पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान, एजेंसी ने लगभग 77 लाख रुपये नकद और लगभग 14 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए। आरोपी वरिष्ठ डीएमई को कथित दलाल के साथ 14 अगस्त को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने बाद में दोनों आरोपियों को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
