जबलपुर. प्रयागराज से विशाखापट्टनम जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने प्रयागराज-विशाखापट्टनम-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को रीवा जिले के डभौरा स्टेशन पर ठहराव देने का फैसला किया है। यह ट्रेनसतना, कटनी, शहडोल होकर चलती है.
सोमवार को रेलवे ने इस ट्रेन का नया शेड्यूल जारी किया। प्रयागराज से ट्रेन हर शुक्रवार और विशाखापट्टनम से हर शनिवार रवाना होगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नए ठहराव से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
14 अगस्त से लागू होगी नई व्यवस्था
रेलवे के अनुसार, प्रयागराज-विशाखापट्टनम-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 14 अगस्त से 27 नवंबर तक डभौरा स्टेशन पर रुकेगी। इस अवधि में ट्रेन कुल 16 फेरे लगाएगी।
डभौरा स्टेशन पर यह रहेगा समय
प्रयागराज से विशाखापट्टनम जाने वाली ट्रेन डभौरा स्टेशन पर दोपहर 12:00 बजे पहुंचेगी और 12:02 बजे रवाना होगी। वहीं, विशाखापट्टनम से लौटने वाली ट्रेन दोपहर 3:00 बजे पहुंचेगी और 3:02 बजे प्रस्थान करेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं। इनमें 4 एसी थर्ड, 3 एसी थर्ड इकोनॉमी, 1 एसी सेकेंड, 7 स्लीपर, 5 सामान्य और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं, ताकि विभिन्न श्रेणी के यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सके।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरती है ट्रेन
प्रयागराज से चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन मानिकपुर, सतना, कटनी, शहडोल, बिलासपुर, रायगढ़, संबलपुर, बलांगीर और विजयनगरम समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर विशाखापट्टनम पहुंचती है।
