बताया जाता है कि वर्तमान में बांध का जलस्तर 417.20 मीटर है, जबकि इसका उच्चतम जलस्तर 422.76 मीटर है। पिछले वर्षआज के दिन तक बांध में 419.15 मीटर पानी दर्ज किया गया था। बांध अभी करीब 57 फीसदी भर चुका है। हालांकि जबलपुर में कम बारिश के चलते इस बार बरगी बांध के पर्याप्त भरने को लेकर आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में मंडला और डिंडौरी समेत आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश से बांध में पानी की आवक बढ़ गई। रविवार रात तक जलस्तर एक ही दिन में करीब 39 इंच बढ़ गया। प्रबंधन के अनुसार, 15 अगस्त तक इसी तरह बारिश जारी रही तो बांध के गेट खोले जा सकते हैं। सुबह से हुई रिमझिम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया और तापमान में भी गिरावट आई। अब मौसम में ठंडक महसूस होने लगी है। इस सीजन में पहली बार रविवार को शहर में अच्छी रिमझिम बारिश हुई। शहर के आसपास पश्चिमी हवा सक्रिय है। अगले 24 घंटे में जिले में अच्छी बारिश होने की संभावना है। जबलपुर शहर में अब तक 346.1 मिमी यानी 13.62 इंच बारिश दर्ज की गई है। पिछले साल आज के दिन तक 772.3 मिमी यानी 30.40 इंच बारिश हो चुकी थी।