जबलपुर। जबलपुर में मां नर्मदा के तट गौरीघाट से जल लेकर बाबा भोलेनाथ के जयघोष के साथ निकली संस्कार कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं के सैलाब उमड़ पड़ा। जिसमें प्रदेश के सीएम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। वे भी कंधे पर कांवर लेकर चले। इस मौके पर सीएम श्री यादव ने कहा कि जहां तक नजर जा रही है, वहां तक कांवडि़ए भक्ति, साधना व संकल्प के साथ आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। ऐसी भव्य व भक्तिमय भव्य कांवड़ यात्रा उन्होंने पहली बार देखी है।
सीएम मोहन यादव ने संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं व शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सावन में नर्मदा की नगरी संस्कारधानी जबलपुर से बाबा भोलेनाथ को जल अर्पित करने के लिए निकलने वाली यह यात्रा हर वर्ष नए संकल्प और आस्था के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने दादा गुरु व उनके साथ चल रहे हजारों कांवड़ यात्रियों का स्वागत व अभिनंदन किया। सीएम ने कहा कि सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। कांवड़ यात्रियों के मार्ग में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही प्रदेश के प्रमुख देवस्थलों का विकास उनकी धार्मिक गरिमा और महत्व के अनुरूप किया जा रहा है। देवस्थलों के आसपास जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी सरकार का जोर है। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक जड़ों में सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण स्थान है। हमारे देवस्थान लोगों को आत्म-अनुशासन, सकारात्मकता और जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। धार्मिक यात्राएं और आध्यात्मिक आयोजन समाज में उत्साह, उमंग और आस्था का संचार करते हैं।
दादा गुरु ने नर्मदा के प्रति अपनी आस्था, साधना के माध्यम से अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है-
सीएम मोहन यादव ने कहा कि दादा गुरु सहित संत समाज और आध्यात्मिक विभूतियों का भी उल्लेख किया। संतों का जीवन त्याग और साधना की प्रेरणा देता है। दादा गुरु ने नर्मदा के प्रति अपनी आस्था और साधना के माध्यम से एक अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने संत समाज से सभी के जीवन में मंगल और कल्याण की कामना करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नर्मदा के प्रति लोगों की आस्था अद्वितीय है। नर्मदा के हर कण में शंकर का वास दिखाई देता है, यह मां नर्मदा की कृपा है। उन्होंने संस्कार कांवड़ यात्रा की सफलता के लिए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और अंत में हर महादेव का जयघोष किया।
Tags
jabalpur