khabar abhi tak

रेलवे फाटक पर मूंग से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसी, एक घंटे से ज्यादा रुकीं कई ट्रेनें, सालीचौका की घटना

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के सालीचौका रेलवे फाटक 251 स्पेशल पर सोमवार 10 अगस्त को मूंग से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक पर फंस गई। ट्रॉली का हिच टूटने के बाद वह ट्रैक के बीचों-बीच अटक गई। समय रहते जेसीबी की मदद से ट्रॉली को हटा लिया गया, जिससे बड़ा रेल हादसा टल गया। इस दौरान दोनों दिशाओं (अप व डाउन) की ट्रेनें लगभग एक घंटे तक प्रभावित रहीं.

बताया जाता है कि सोमवार को मूंग से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सालीचौका रेलवे फाटक 251 स्पेशल से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रॉली का हिच टूट गया और ट्रॉली रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच फंस गई। ट्रॉली के ट्रैक पर फंसने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। अमरकंटक एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस और दानापुर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को एक घंटे से अधिक समय तक रोकना पड़ा।

जेसीबी से हटाई गई ट्रॉली

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अमला मौके पर पहुंचा। जेसीबी मशीन की मदद से ट्रॉली को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। समय रहते ट्रॉली हट जाने से संभावित बड़े हादसे को टाला जा सका। स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलवे फाटक के बीच बड़े गड्ढे होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली को निकालने में परेशानी हुई। इसी दौरान हिच टूटने के बाद ट्रॉली ट्रैक पर फंस गई। ग्रामीणों ने रेलवे फाटक की जर्जर स्थिति और गड्ढों को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने फाटक की तत्काल मरम्मत कराने और गड्ढों को ठीक कराने की मांग की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak