छतरपुर. एमपी के छतरपुर में एक महिला ने अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया. आरोपी पत्नी ने परिवार को गुमराह करने के लिए खून से सने कपड़ों को ही बदल दिया था. मामूली बात पर हुई घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है.
पत्नी ने पति को डंडे से पीटा, मौत
यह घटना नौगांव थाना क्षेत्र स्थित गरौली चौकी क्षेत्र की है. जहां विवाद के दौरान पत्नी ने पति की दर्दनाक हत्या कर दी. नौगांव टीआई संजय राय ने बताया गोविंद दास अहिरवार उर्फ झलू 6 अगस्त की रात नशे की हालत में अपने घर पहुंचा था. घर पहुंचते ही उसका पत्नी रजनी देवी अहिरवार से किसी बात को लेकर मामली विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर पत्नी ने पास ही रखे डंडे से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में पति के सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
सबूत मिटाने पति के बदले कपड़े
घटना के बाद आरोपी पत्नी रजनी देवी ने साक्ष्य छुपाने की कोशिश में मृतक पति के खून से सने कपड़े बदल दिए. घटना 6 अगस्त को हुई थी, अगले दिन 7 अगस्त को उसने परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों को घटना की सामान्य जानकारी दी. शरीर पर चोट के निशानों से शक के घेरे में घिरी पत्नी ने पुलिस को भी गुमराह किया. सूचना मिलते ही गरौली चौकी प्रभारी डीडी शाक्य व नौगांव थाना प्रभारी संजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म
मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने तुरंत एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया. जब पुलिस ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया, तो मृतक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान मिले. जिससे पुलिस का संदेह सीधे उसकी पत्नी पर गया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया और शक के आधार पर पत्नी रजनी देवी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की. जहां वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया.
नशे का आदि था पति, रोज करता था झगड़ा
आरोपी पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और आए दिन घर में कलेश व मारपीट करता था. 6 अगस्त की रात भी वह नशे की हालत में घर आया और झगड़ा करने लगा. इसी दौरान उसने गुस्से में आकर डंडे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी जान चली गई. पुलिस ने आरोपी रजनी देवी अहिरवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है. जहां न्यायालय के आदेश पर सोमवार 10 अगस्त को उसे जेल भेज दिया गया है.
