ग्वालियर. पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां पहुंचे कांग्रेस के जिला महामंत्री ने अचानक आत्महत्या कर ली. आनन-फानन में पुलिसकर्मी उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने जिला महामंत्री को मृत घोषित कर दिया.
ग्वालियर एसपी ऑफिस में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक हंगामा हो गया. कांग्रेस नेता राजेश किरार किसी काम से कार्यालय पहुंचे थे. कुछ देर परिसर में बैठे रहे, वे एसपी के पास अपनी एक परेशानी लेकर पहुंचे थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो पायी. इसी दौरान उन्होंने एसपी ऑफिस परिसर में आत्मघाती कदम उठा लिया. ऐसा करने के चंद मिनटों में उनकी तबीयत बिगड़ गई और एसपी कार्यालय के बाहर ही बेहोश होकर गिर पड़े.
पुलिस लेकर पहुंची अस्पताल, डॉक्टर ने मृत घोषित किया
अचानक शख्स को गिरते देख आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन उनके मुंह से झाग निकल रहा था. वहीं ग्वालियर एसपी को भी इस घटना की जानकारी बाहर खड़े पुलिसकर्मियों ने दी. ऐसे में तुरंत एसपी ने शासकीय वाहन से राजेश किरार को जयारोग्य अस्पताल के हजार बिस्तर बिल्डिंग पहुंचाया. जहां डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद उनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
25 वर्षों से थे कांग्रेस के सिपाही
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे कांग्रेस नेता रवीन्द्र सिंह ने बताया कि, राजेश किरार बीते 25 सालों से कांग्रेस से जुड़े हुए थे और वर्तमान में जिला महामंत्री थे. सुनने में आया है और उनके पास से एक सुसाइड नोट मिला है. जिससे पता चला है, कुछ लोग उन्हें लेन देन को लेकर प्रताडि़त कर रहे थे. वे कौन लोग थे, इसका जिक्र सुसाइड नोट में है. उन्होंने मुख्यमंत्री से भी अपील की है कि, ग्वालियर में ऐसा कोई महीना नहीं जाता, जब सूदखोरों की वजह से किसी की जान नहीं जाती, ऐसे में इस मामले में जो भी दोषी हैं, उन पर सख्त कार्रवाई कराई जाए.
पुलिस जुटा रही जानकारी
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया, राजेश किरार कोई जहरीला पदार्थ खा कर आए थे और एसपी ऑफिस में उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसलिए तुरंत अस्पताल भिजवाया गया था. उनकी मौत की सूचना परिजन को भी दे दी गई. जिनसे पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि, उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया. हालांकि यह बात सामने आ रही है कि वह किसी जमीन के कब्जे को लेकर परेशान थे. पूरे मामले में पुलिस जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगा रही है कि, उन्होंने जहरीला पदार्थ कहां और क्यों खाया था. हालांकि सीएसपी का कहना था की, मौत से पहले राजेश की किसी पुलिस कर्मी से कोई चर्चा नहीं हुई है. इसलिए मामला अभी जांच का विषय है.
