सांसद मिश्रा रीवा से भोपाल और कोलकाता के लिए शुरू हुई नई उड़ानों के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति और एथेनॉल नीति पर अपनी बात रखी। सांसद ने एथेनॉल मिश्रण का बचाव करते हुए कहा कि भारत में केवल 20 प्रतिशत कच्चे तेल का उत्पादन होता है, जबकि 80 प्रतिशत तेल विदेश से आयात करना पड़ता है। वैश्विक युद्ध की स्थितियों के कारण अब तेल आपूर्ति के लिए जहाजों को 18 हजार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। ऐसे में जब पीएम मोदी पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने की बात करते हैं तो कुछ लोग विरोध में आंदोलन करने लगते हैं।
ब्राजील में 100 प्रतिशत एथेनॉल से चल रहीं गाडिय़ां-
जनार्दन मिश्रा ने दुनिया के दूसरे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि ब्राजील दुनिया में सबसे ज्यादा एथेनॉल बनाता है। वहां 100 प्रतिशत एथेनॉल से गाडिय़ां चल रही हैं, फिर भी वाहनों में कोई समस्या नहीं आती। भारत में भी ऑटोमोबाइल विशेषज्ञ और कार मैकेनिक मानते हैं कि एथेनॉल से गाडिय़ों के इंजन को नुकसान नहीं पहुंचता, फिर भी इसका बेवजह विरोध किया जा रहा है।
दुनिया में सबसे ज्यादा रोजगार और कम महंगाई भारत में-
पीएम मोदी के सुशासन की तारीफ करते हुए सांसद ने दावा किया कि आज भारत में दुनिया का सबसे अधिक रोजगार और सबसे कम महंगाई दर है। देश में अराजकता न होने के कारण विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चीन और पाकिस्तान के मंसूबों का विरोध करने के बजाय देश की प्रगति में रोड़ा अटका रहे हैं, जबकि सभी को सरकार की विकास नीतियों का समर्थन करना चाहिए।