जबलपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार सुबह 11.55 बजे नई दिल्ली से विशेष विमान द्वारा जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने उनकी अगवानी करते हुए पुष्प गुच्छ देकर गर्मजोशी से स्वागत किया। रक्षा मंत्री का यह दौरा व्हीकल फैक्ट्री में टी-सीरीज टैंकों की ओवरहॉलिंग परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हुआ है। प्रदेश के दोनों वरिष्ठ नेताओं ने विमानतल पर केंद्रीय मंत्री का आत्मीय अभिनंदन किया। इस नई रक्षा परियोजना के शुरू होने से सैन्य वाहनों के उन्नयन और तकनीकी निर्माण कार्यों को जबलपुर में बड़ा विस्तार मिलेगा। विमानतल परिसर में बड़ी संख्या में मौजूद जन प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका जोरदार सत्कार किया।
विमानतल पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही
हवाई अड्डे पर अगवानी करने वालों में राज्य सभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि, सांसद आशीष दुबे तथा महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके साथ ही विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील कुमार तिवारी इंदु, डॉ अभिलाष पांडेय, नीरज सिंह एवं संतोष बरकड़े ने उपस्थित रहकर केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, प्रदेश भाजपा नेता अखिलेश जैन, पंकज दुबे और रंजीत पटेल भी मौजूद रहे।
वरिष्ठ सैन्य व प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति
समारोह स्थल रवाना होने से पूर्व हवाई पट्टी पर रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार और आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड के सीएमडी सत्यव्रत मुखर्जी ने रक्षा मंत्री का स्वागत किया। उनके साथ मेजर जनरल संजय गौतम, संभागायुक्त धनंजय सिंह, पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह मौजूद रहे। प्रशासनिक प्रबंधों के तहत कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने रक्षा मंत्री की अगवानी करते हुए दायित्व संभाले।
