जबलपुर। आधारताल अंतर्गत ग्राम चांटी में खसरा नंबर 122 और 123 की 8 एकड़ जमीन पर अवैध कच्ची प्लाटिंग का बड़ा मामला सामने आया है। इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत मंत्री अर्पित सिंह ठाकुर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग गरीब किसानों को बहला-फुसलाकर कम दामों में जमीनें हड़प रहे हैं और बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के मनमाने दामों पर टुकड़े बेचकर आम नागरिकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आधारताल एसडीएम ने अतिरिक्त तहसीलदार को 1 सप्ताह की समय-सीमा तय कर निष्पक्ष जांच आख्या देने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासनिक स्तर पर जमीनी दस्तावेजों की पड़ताल शुरू
राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन और ले-आउट की तकनीकी स्थिति जांचना आरंभ कर दिया है। नगर तथा ग्राम निवेश विभाग और पंचायत की अनुमति के बिना काटी जा रही सड़कों और बाउंड्रीवॉल का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। कृषि भूमि को बिना डायवर्सन आवासीय बनाकर बेचने के खेल को पकड़ने के लिए पुराने विक्रय पत्रों का मिलान भी जारी है।
दोष सिद्ध होने पर सीधी एफआईआर दर्ज होगी
दस्तावेजों में हेराफेरी अथवा अवैध विकास प्रमाणित होते ही संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध थाने में आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कराया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भोले-भाले नागरिकों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले तत्वों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। संगठन पदाधिकारियों ने भी चेताया है कि पीड़ितों को उनका पूरा हक दिलाए बिना यह संघर्ष समाप्त नहीं होगा।
