जबलपुर। पाटन थानान्तर्गत ग्राम पौड़ी खुर्द में पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसियों ने शंकर बर्मन पर कुल्हाड़ी व लाठियों से हमला कर दिया। शंकर पर हमला होते देख परिवार के अन्य सदस्य बीच बचाव करने आए तो उनपर भी जानलेवा हमला किया गया। हमले में बर्मन परिवार के चार सदस्यों के शरीर पर गंभीर चोटें आई। जिन्हे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर चारों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार पौड़ी खुर्द पाटन निवासी शंकर बर्मन उम्र 27 वर्ष के पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार हरि बर्मन से पुरानी रंजिश चली आ रही है। जिसके चलते हरि का परिवार हर वक्त बदला लेने की फिराक में रहता था। बीती रात 8 बजे के लगभग हरि बर्मन व उसका जित्तू, कल्लू व अन्य लोग आंगन में खड़े होकर गाली गलौज करने लगे। शोर सुनकर शंकर बर्मन बाहर आया और जित्तू को गाली बकने से मना किया। तभी जित्तू व उसका भाई कल्लू व पिता हरि बर्मन बाहर आ गए और कु ल्हाड़ी व लाठी निकालकर शंकर पर हमला कर दिया। हमले में शंकर के सिर व पीठ में चोट आई और वह गिर गया। शोर सुनकर शंकर के पिता रमेश, मां हल्की व भाई अभिषेक बीच बचाव करने पहुंचे तो उनपर भी हरि बर्मन व उसके दोनों बेटों ने हला कर दिया। हमले में तीनों को गंभीर चोटें आई। चीख पुकार सुनकर पड़ोसी भी घरों से निकल आए, जिन्हे देख हमलावर भाग निकले। हमले की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और चारों को पाटन के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर घायलों की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया। घटना को लेकर गांव में रात से ही दहशत व्याप्त रही, यहां तक कि आज भी सुबह से सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस ने मामले में हरि बर्मन, उनके बेटे जित्तू व कल्लू के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। आरोपियों को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।