जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के छैगांव उपसंभाग में पदस्थ मेंटेनेंस कर्मी राकेश ठाकुर और आउटसोर्स बेल्टमैन महेंद्र सिंह चौहान को जबलपुर मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रबंध संचालक सुनील तिवारी, सेवानिवृत्त कार्यपालन निदेशक स्वराज शर्मा तथा मुख्य अभियंता डी.के. अग्रवाल द्वारा मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। इन दोनों कार्मिकों ने जून माह में भीषण आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के कारण 132 केवी एवं 220 केवी की मुख्य लाइनों में आई गंभीर तकनीकी खराबी को दुर्गम क्षेत्र की भौगोलिक चुनौतियों के बीच अपनी टीम के साथ मिलकर रिकॉर्ड समय में दुरुस्त किया था। इनके इस त्वरित और साहसिक प्रयास के कारण खंडवा सहित आसपास के विशाल ग्रामीण और शहरी इलाकों में संभावित बड़े ब्लैकआउट को पूरी तरह टाल दिया गया।प्रतिकूल मौसम के दौरान उच्च क्षमता के विद्युत टावरों पर चढ़कर सुधार कार्य करना बेहद जोखिम भरा था। इस कार्य में बरती गई तकनीकी दक्षता और सुरक्षा मानकों के पालन की विभाग स्तर पर सराहना की गई। अधिकारियों ने फील्ड स्टाफ के इस समर्पण को पूरे महकमे के लिए प्रेरणादायक बताया जिससे निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का मनोबल बढ़ता है।
Tags
madhyapradesh
