भोपाल. एमपी पदाधिकारियों की दिल्ली में पार्टी आलाकमान के साथ हुई बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस के सभी विभाग, प्रकोष्ठ और उनकी जिला और ब्लॉक स्तरीय इकाईयों को भंग कर दिया गया है. यह निर्णय प्रदेश में संगठन सृजन अभियान के तहत लिया गया है.
अब प्रदेश में नए सिरे से संगठन का पुनर्गठन का काम किया जाएगा और प्रदेश कार्यकारिणी का गठन नए सिरे से होगा. दतिया उपचुनाव के नतीजों से उत्साहित कांग्रेस अब आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर संगठन की जिम्मेदार ऊर्जावान, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को सौंपने जा रही है.
सभी जिला अध्यक्षों की रिपोर्ट तैयार
कांग्रेस जिला स्तर पर पार्टी संगठन की गतिविधियों की लगातार समीक्षा कर रही है. कांग्रेस द्वारा पिछले साल अगस्त में नियुक्ति किए गए जिला अध्यक्षकों को पिछले एक साल में लगातार टास्क सौंपे हैं. इसके अलावा पिछले एक साल के दौरान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर हुए सामाजिक राजनीतिक कई मुद्दे उठे हैं. इनको लेकर प्रदेश भर के सभी जिला अध्यक्षों की वर्किंग रिपोर्ट तैयार की गई है. इसमें उन्हें सौंपे गए कामों और समय-समय पर स्थानीय स्तर पर उठाए गए मुद्दों, धरना प्रदर्शन आदि उनकी सक्रियता की कसौटी पर कसा जा रहा है. इसके तहत जिला अध्यक्षों को चार श्रेणियों ए, बी, सी और डी कैटेगरी में बांटा गया है. इसमें सबसे खराब परफॉर्मेंस यानी डी कैटेगरी वाले जिला अध्यक्षों को जल्द ही हटाए जाने की कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा बी और सी कैटेगरी के अध्यक्षों को काम में सुधार की नसीहत दी जाएगी.
कार्यकारिणी का नए सिरे से होगा गठन
उधर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत सभी विभागों, प्रकोष्ठों और उनकी सभी इकाइयों को भंग किए जाने के बाद अब जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी को भी जल्द ही भंग कर नई कार्यकारिणी गठन किया जाएगा. प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत पार्टी में संगठन को नए सिरे से तैयार किए जाने की प्रकिया चल रही है.
