khabar abhi tak

मिलावट के खिलाफ प्रशासन का अभियान, खोवा मंडी और मिष्ठान प्रतिष्ठानों से लिए नमूने



कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने की 8 दुकानों की जांच, प्रयोगशाला भेजे सैंपल

जबलपुर। त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्रियों की बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन और राजस्व विभाग ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे इस सघन अभियान के तहत खोवा मंडी और शहर के प्रमुख मिष्ठान भंडारों का औचक निरीक्षण कर जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए। खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जांच दल ने सबसे पहले खोवा मंडी का रुख किया, जहां 8 दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया और खोवा के 6 अलग-अलग सैंपल लिए गए। इसके बाद टीम ने कमानिया स्थित बड़कुल स्वीट्स पर जांच की, जहां मावे से तैयार की जाने वाली मिठाइयों के 3 नमूने लिए गए। इसी क्रम में नरघईया स्थित देवी स्वीट्स से मिठाइयों के 3 सैंपल तथा विजय नगर स्थित बीकानेर स्वीट्स से 4 नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि सभी संकलित किए गए नमूनों को गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी सैंपल में मिलावट या अमानक स्तर पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak