रतलाम. एमपी के रतलाम में रविवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आयी है, जिला मुख्यालय से करीब 11 किमी दूर पैराडाइज वैली पिकनिक स्पॉट पर पानी में डूबने से तीन की मौत हो गई। डूबने वाले दो टीचर व एक स्टूडेंट बताया जा रहा है।
हादसा दोपहर करीब 3 बजे के करीब हुआ है। जानकारी सामने आई है कि जावरा के त्रिमूर्ति हाई स्कूल से करीब 15 से अधिक स्कूली छात्र स्कूल स्टॉफ के साथ पिकनिक मनाने आए थे। नहाने के दौरान कुछ स्टूडेंट पानी की गहराई में जाने लगे तो शिक्षक बचाने गए। लेकिन वह भी पानी में डूब गए। तीनों के शव को रतलाम मेडिकल कॉलेज लाया गया है। एक छात्रा को भी पानी में डूबने से बचा लिया है।
प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा
बताया जाता है कि इस घटना से पिकनिक मना रहे स्टूडेंट्स व स्टाफ में अफरातफरी मच गई, तत्काल ही पुलिस को सूचना दी गई. जिसके बाद पुलिस व प्रशासन की टीम रेस्क्यू टीम को लेकर मौके पर पहुंची व बचाव कार्य शुरू किया।
