khabar abhi tak

डिंडौरी में भारी बारिश, 9 घंटे में 6 इंच गिरा पानी, नर्मदा नदी उफान पर, जबलपुर-मंडला से संपर्क टूटा

जबलपुर/भोपाल. मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में शनिवार रात 9 बजे से रविवार सुबह 6 बजे के बीच रिकॉर्ड 6 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस मूसलधार बारिश के चलते नर्मदा व उसकी सहायक नदियों में बाढ़ आ गई है. बजाग, करंजिया और समनापुर ब्लॉक में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जबलपुर और मंडला मार्ग पर पानी भर जाने से जिला मुख्यालय का संपर्क कट गया है।

मंडला-डिंडौरी नेशनल हाईवे पर खरमेर नदी का पानी पुल के काफी ऊपर से बह रहा है, जिससे सक्का गांव के पास वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और भारी जाम की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले रास्तों पर न जाने की अपील की है। नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढऩे के कारण निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। नदी किनारे खतरे के दायरे में रह रहे 7 परिवारों को सुरक्षित निकालकर रैन बसेरा में शिफ्ट किया गया है।

एमपी के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम केंद्र ने प्रदेश के दतिया, रीवा और सीधी जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि मध्य प्रदेश के ऊपर से ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और आसपास के राज्यों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) के असर से लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) बन गया है, जो आने वाले दिनों में और मजबूत होगा। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के कई जिलों में आगामी दिनों में मूसलधार बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।

रविवार को जबलपुर सहित इन जिलों में बारिश

रविवार को भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश होने की संभावना है। तीन ही जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak