khabar abhi tak

सुबह के वक्त सड़कों पर नजर आए आला अधिकारी, निगमायुक्त ने लिया जमीनी फीडबैक



जबलपुर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सुबह सुबह गौरीघाट से लेकर छोटी लाइन, तीन पत्ती, मालवीय चौक, बड़ा फुहारा, हनुमानताल, घमापुर, खेरमाई, तुलाराम चौक, करमचंद चौक और खजांची चौक तक व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, अर्जुन यादव, धर्मेंद्र राज और पूर्व पार्षद मुकेश राठौर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। निगमायुक्त ने पूरे रूट पर सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए मैदानी अमले के कार्यों की गहन समीक्षा की और सभी प्रमुख स्थानों का भौतिक सत्यापन किया। शहरवासियों को बेहतरीन और स्वच्छ शहर का माहौल प्रदान करने के उद्देश्य से यह निरीक्षण संपन्न हुआ।

​आयुक्त ने स्वच्छता कर्मचारियों के काम को सराहा

​निरीक्षण के दौरान शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सुथरा माहौल देखकर निगमायुक्त ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सफाई टीम की मेहनत रंग ला रही है। इस बीच उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, आम नागरिकों और मैदानी सफाई संरक्षकों से सीधे संवाद स्थापित किया और जमीनी स्तर पर फीडबैक लिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि कचरा केवल डस्टबिन में ही डालें और सड़कों पर गंदगी न फैलाएं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक कर्मठ सफाई कर्मचारी को उन्होंने अपने हाथों से पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया जिससे पूरे मैदानी अमले का हौसला बढ़ा।

​अधिकारियों को सफाई और लाइट सुधारने के निर्देश

​दौरे के अंत में निगमायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शहर की बुनियादी सेवाओं में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य बाजारों और चौराहों पर प्रतिदिन 2 पालियों में कचरा उठान अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, सभी प्रमुख मार्गों की स्ट्रीट लाइटों की लगातार जांच की जाए और जो लाइटें खराब हैं उन्हें तुरंत ठीक किया जाए। इस पूरी कार्रवाई से नगर निगम के अमले में सक्रियता बढ़ गई है और शहरभर में व्यवस्थाओं में सुधार दिखने लगा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak