जबलपुर। मध्य प्रदेश विधिक जगत में चुनावी सरगर्मियों के बीच दो बड़े घटनाक्रम सामने आए हैं। मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव में 122 प्रत्याशियों में से 81 के बाहर होने के बाद अब केवल 41 उम्मीदवार मैदान में शेष हैं, जिसमें इंदौर के राकेश सिंह भदौरिया कोटा हासिल कर निर्वाचित घोषित हो चुके हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी रिटायर्ड जस्टिस एसके पालो ने 15वें दिन अनिरुद्ध सिंह बघेल, रावेंद्र मिश्रा और प्रणेन्द्र रांका के बाहर होने की जानकारी दी। वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार चुनाव के परिणाम भी मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ द्वारा आधिकारिक रूप से घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें मृगेंद्र सिंह अध्यक्ष और विश्वास पलिया वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए हैं।
त्योहार के चलते 5 दिन थमी मतगणना प्रक्रिया
स्टेट बार काउंसिल चुनाव में जारी एलिमिनेशन राउंड के 15वें दिन सीधी से अनिरुद्ध सिंह बघेल, रीवा से रावेंद्र मिश्रा और खंडवा से प्रणेन्द्र रांका चुनावी होड़ से बाहर हो गए। इस चरण के साथ ही अब तक बाहर हुए प्रत्याशियों का कुल आंकड़ा 81 पहुंच चुका है। निर्वाचन व्यवस्था के तहत अब रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में आगामी 5 दिन तक मतों की छंटनी और गिनती का काम पूरी तरह स्थगित रखा गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी के स्पष्ट निर्देशानुसार अब सोमवार 31 अगस्त से पुन: एलिमिनेशन राउंड की मतगणना का क्रम शुरू किया जाएगा। शेष बचे 41 दावेदारों के बीच अब आगे की गिनती में निर्णायक मुकाबला देखने को मिलेगा।
हाईकोर्ट बार में नई कार्यकारिणी को मिली कमान
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के हालिया संपन्न चुनाव के परिणामों पर निर्वाचन समिति ने अंतिम मुहर लगा दी है। मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ के अनुसार मतों की पूर्व गणना में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। घोषित नतीजों के मुताबिक उपाध्यक्ष पद पर सत्येन्द्र ज्योतिषी तथा महिला उपाध्यक्ष पद पर अनुराधा तिवारी चौबे विजयी रहीं। सह सचिव पद की जिम्मेदारी रूपेश पटेल को मिली है, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर सुशीला पालीवाल और पुस्तकालय सचिव पद पर अजय शुक्ला ने जीत दर्ज की। कार्यकारिणी के महिला वर्ग में विभा पाठक, शांति तिवारी तथा आरती शर्मा चुनी गईं। वहीं पुरुष कार्यकारिणी सदस्य के तौर पर आशीष तिवारी, अर्णव तिवारी, अभिजीत सोनी, अतुल द्विवेदी और वरुण कुमार दुबे निर्वाचित घोषित हुए हैं।
