जबलपुर. जिले के सिहोरा में कुंडम क्षेत्र के छीताखुदरी बांध में नहाते समय मंगलवार 11 अगस्त तेज बहाव में बहे युवक का शव आज बुधवार सुबह करीब पांच किलोमीटर दूर झाडिय़ों में फंसा मिला।
कुंडम पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नहाते समय तेज बहाव में बहा
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के गोपालपुर निवासी शाहिदुल एसके (24) के रूप में हुई है। शाहिदुल कुछ समय से एक पाइपलाइन डालने वाली कंपनी में काम कर रहा था, जिसकी साइट कुंडम क्षेत्र में चल रही थी। मंगलवार को युवक छीताखुदरी बांध में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में बह गया। ाटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार सुबह से ही बांध क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका था। बुधवार सुबह घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर झाडिय़ों में उसका शव फंसा मिला।
