407 वाहन के कुचलने से स्कूटी सवार दो लोगों की मौत, 6 वर्षीय बालक गंभीर, तिलवारा रोड पर हादसा
byKhabarAbhiTak-
0
जबलपुर। तिलवारा थानान्तर्गत शक्ति ढाबा के सामने स्कूटी सवार तीन लोगों को पीछे से आए 407 वाहन ने टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में महिला व पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक बच्चा विराट गंभीर रुप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर बालक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे, जिन्होने पूछताछ के बाद फरार हुए वाहन चालक की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस अधिकारियों की माने तो ओमकार यादव उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम घंसौर सिवनी अपनी स्कूटी में मधु उर्फ पार्वती बाई गौंड़ ठाकुर उम्र 35 वर्ष निवासी सगड़ा तिलवारा व विराट गौंड़ उम्र 6 वर्ष को बिठाकर बिलहरी जाने के लिए निकले। जब वे शक्ति ढाबा तिलवारा रोड से आगे बढ़ रहे थे, इस दौरान पीछे से आए 407 वाहन ने टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर लगते ही तीनों स्कूटी सहित सामने की ओर गिरे, जिन्हे कुचलते हुए वाहन निकल गया। दुर्घटना होते देख राह चलते लोगों सहित आसपास की दुकानों में बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई, सभी लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए, देखा तो ओमकार व पार्वती व विराट खून से लथपथ सड़क पर छटपटा रहे थे। लोगों ने पुलिस को खबर देते हुए तीनों को एम्बुलेंस से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने पार्वती व ओमकार को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं विराट की हालत को देखते हुए भरती कर लिया। दुर्घटना के बाद इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे। दोनों ओर वाहनों की लम्बी लाइन लगी रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कूटी को हटवाया, इसके बाद यातायात शुरु हो सका। पुलिस ने मामले में पूछताछ के बाद फरार हुए 407 वाहन के चालक की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।