दमोह. मध्य प्रदेश के दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर कुम्हारी थाना क्षेत्र के चीलघाट पुल से सीमेंट लदा 18 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। हादसा शुक्रवार देर रात हुआ। सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में ट्रक देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
जानकारी के अनुसार इंदौर पासिंग ट्रक कटनी से सीमेंट लेकर दमोह जा रहा था। चीलघाट नदी के पुल पर अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया। वह पुल की रेलिंग तोड़कर करीब 40 फीट नीचे नदी में जा गिरा। नदी में गिरने के बाद ट्रक उल्टा हो गया। सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में पड़े ट्रक को देखा और तत्काल कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ट्रक के आसपास कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद दमोह से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया।
दो लोगों के फंसे होने की आशंका
पुलिस के अनुसार ट्रक में दो लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि नदी में पानी अधिक होने के कारण अभी तक किसी व्यक्ति का पता नहीं चल पाया है। ट्रक को सीधा करने के लिए दमोह से क्रेन बुलाई जा रही है। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि ट्रक के अंदर कितने लोग थे।
उफनती नदी में रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण
चीलघाट नदी पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण उफान पर है। पुल से नदी की गहराई करीब 40 फीट है, जिससे एसडीआरएफ टीम को रेस्क्यू में परेशानी आ रही है। फिलहाल बचाव अभियान जारी है। कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे ने बताया कि डायल 100 के माध्यम से रात करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि 18 चक्का ट्रक चिल घाट पुल से गिर गया है। ट्रक में सीमेंट लोड है और दो लोगों के फंसे होने की बात सामने आ रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। दमोह से एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची है, जिसमें करीब 12 जवान शामिल हैं, लेकिन अभी सफलता नहीं मिली है। क्रेन बुलाई जा रही है। ट्रक अपनी जगह से खिसकेगा, तभी स्पष्ट हो सकेगा कि अंदर कितने लोग मौजूद हैं।
