मांड्या. कर्नाटक के मांड्या में एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उसके छोटे से किराए के घर से कथित तौर पर 30 लाख रुपये से ज्यादा नकद मिलने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. महिला की पहचान हूर उन्निसा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह भीख मांगकर अपना गुजारा करती थीं. उनकी मौत के बाद स्थानीय लोगों ने घर की तलाशी ली तो नकदी से भरे 30 से ज्यादा बैग देखकर हर कोई हैरान रह गया.
हूर उन्निसा गुथालू इलाके में अपनी बहन के साथ रहती थीं. उनकी बहन की पहले ही मौत हो चुकी थी. दोनों बहनें अविवाहित थीं. उम्र बढऩे के साथ होने वाली बीमारियों के चलते रविवार को हूर उन्निसा की मौत हो गई. इसके बाद स्थानीय लोगों ने उनके किराए के घर में रखे सामान की जांच की.
कितनी थी रकम?
बताया जा रहा है कि करीब 10बाय10 फीट के कमरे में 30 से अधिक बैग रखे थे. इन बैगों में बड़ी मात्रा में नकदी भरी हुई थी. स्थानीय समुदाय के नेताओं के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, बरामद रकम 30 लाख रुपये से अधिक हो सकती है.
करीब 8 से 9 लाख रुपये की गिनती पूरी
जानकारी के मुताबिक रविवार को करीब 8 से 9 लाख रुपये की नकदी गिनी गई. वहीं लगभग 20 बैगों में रखी रकम की गिनती अभी बाकी है. नकदी बरामद होने के बाद मामले की जानकारी मुस्लिम समुदाय के नेताओं और महिला के रिश्तेदारों को दी गई. फिलहाल घर से बरामद नकदी को गुथालू की मस्जिद को सौंपे जाने की बात सामने आई है. समुदाय के नेताओं का कहना है कि बाकी रकम की गिनती महिला के रिश्तेदारों की मौजूदगी में की जाएगी.
महिला के पास इतनी रकम कैसे आई?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि भीख मांगकर जीवन गुजारने वाली हूर उन्निसा के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई. उन्होंने इतनी नकदी वर्षों तक अपने छोटे से किराए के घर में क्यों रखी थी, यह भी सवालों के घेरे में है. फिलहाल रकम के वास्तविक स्रोत और उसके मालिकाना हक को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. रिश्तेदारों के पहुंचने और पूरी नकदी की गिनती के बाद ही आगे की स्थिति साफ हो सकेगी. मामले ने स्थानीय लोगों के बीच भी काफी चर्चा पैदा कर दी है.
