जबलपुर। गोसलपुर के ग्रामीण अंचल की बरने नदी की रेत का अवेैध परिवहन करते हुए सोमवार को पुलिस ने दो 2 ट्रेक्टर-ट्रालियों को जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी रेत को पॉलीथिन से ढांककर ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
गोसलपुर थाना प्रभारी भावना तिवारी ने बताया कि सोमवार को दौरान भ्रमण ग्राम घुटना बगीचा में रोड पर ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 20 एक्स ए 5966 तथा ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 20 एबी 2336 आते दिखे, जिनमें ट्राली लगी थी। ट्राली में रेत भरी हुयी थी। दोनों ट्रेक्टरों को रोका गया। ट्रेक्टर चालकों से रेत सप्लाई की रॉयल्टी और दस्तावेजों के जानकारी ली गई लेकिन उनके पास कुछ भी नहीं था। पुलिस पूछताछ में चालकों ने अपना नाम अरविन्द पटेल निवासी गोसलपुर तथा अमित खटीक निवासी ग्राम गुड़हाई बताया। चालकों ने पुलिस को बताया कि वे कटरा देवरी के पास स्थित बरने नदी के पास रोड किनारे रखी रेत ट्राली में लोड कर पौड़ी लेकर जा रहे थे। चालक अरविन्द पटेल ने ट्रेक्टर मालिक मोनू पटेल की सहमति से रेत का परिवहन करना स्वीकार किया।
