जबलपुर। पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकौशल स्वशासी महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में जिला रोजगार कार्यालय एवं स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय युवा संगम जिला स्तरीय वृहद करियर अवसर मेला आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ केंट विधायक अशोक रोहाणी, जनभागीदारी अध्यक्ष आशीष राव, पूर्व अतिरिक्त संचालक डॉ. यू.सी. जैन तथा डॉ. चिंतामणि शुक्ल द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन से हुआ, जहां अतिथियों का स्वागत तुलसी पौधा भेंट कर किया गया। इस वृहद आयोजन में कुल 920 युवक-युवतियों ने ऑनलाइन तथा ऑफलाइन पंजीयन कराया, जिसमें शामिल 16 निजी कंपनियों ने योग्यता अनुसार चयन प्रक्रिया संचालित करते हुए प्रथम चरण में 369 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए चयनित किया।
कौशल विकास से आत्मनिर्भर बनेंगे युवा
कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्तमान प्रतिस्पर्धी माहौल में शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ तकनीकी और व्यावसायिक कौशल की अनिवार्यता पर विशेष बल दिया। आधुनिक उद्योगों की मांग के अनुसार युवाओं को खुद को तैयार करने और व्यावहारिक दक्षता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। यह आयोजन नौकरी की तलाश कर रहे शिक्षित युवाओं और कंपनियों के मध्य सीधा संपर्क स्थापित करने वाला एक सशक्त माध्यम बना। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि सही समय पर मिलने वाला करियर मार्गदर्शन युवाओं को अपने भविष्य की स्पष्ट दिशा तय करने और आत्मनिर्भरता हासिल करने में सर्वाधिक मददगार साबित होता है।
विभिन्न विभागों ने दी स्वरोजगार की जानकारी
मेला स्थल पर युवाओं को स्वावलंबन और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, जिला रोजगार कार्यालय और नेशनल करियर सर्विस सेंटर के विशेष स्टॉल लगाए गए, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं और समन्वय का दायित्व प्रो. अरुण शुक्ल, प्राचार्य डॉ. अलकेश चतुर्वेदी, संयोजक डॉ. महेन्द्र कुमार कुशवाहा, उपसंचालक एम.एस. मरकाम और डॉ. जागेश्वर प्रजापति ने संभाला। मेले में डॉ. ए.सी. तिवारी, डॉ. राजीव मिश्रा, डॉ. राजेश शामकुंवर, टीपीओ डॉ. प्रभात तिवारी, डॉ. उषा मशराम, डॉ. राजश्री कपूर, डॉ. मोनिका मसीह, डॉ. वैशाली तिवारी, डॉ. माधुरी सिंह, डॉ. ऋतु श्रीवास्तव, डॉ. राम अभिलाष कोल, डॉ. मीनाक्षी मेरावी, डॉ. नीलिमा, श्रीमती लल्लाबाई लोधी, डॉ. तरूणेन्द्र साकेत तथा बिजेन्द्र विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

