रीवा. दिल्ली से रीवा आ रही अलायंस एयर की एटीआर -72 फ्लाइट के यात्री शुक्रवार की शाम एक घंटा तक दहशत में रहे. प्लेन 3000 फीट की ऊंचाई पर करीब 55 मिनट तक रीवा और सतना के आसमान मे चक्कर लगाता रहा. इसके बाद फ्लाइट वापस दिल्ली एयरपोर्ट के लिए लौट गई. इस दौरान यात्रियों को रीवा एयरपोर्ट पर रिसीव करने आए परिजन बेहद चिंतित दिखे.
तेज बारिश के कारण रीवा एयरपोर्ट पर जलभराव था. रीवा एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है बेहद खराब मौसम और तेज बारिश के कारण रनवे में पानी भर गया. इस कारण दिल्ली से उड़ान भरकर रीवा आ रही फ्लाइट लैंड नहीं हो पाई. इसके बाद उसे डायवर्ट किया गया. एयरपोर्ट प्रबंधन ने ये जानकारी नहीं दी कि प्लेन में कितने यात्री सवार थे.
रीवा में रात सवा 8 बजे लैंड होना था प्लेन
रीवा-दिल्ली के बीच संचालित अलायंस एयर की एटीआर 72 फ्लाइट ने शुक्रवार शाम 6:20 पर यात्रियों को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट से रीवा के लिए उड़ान भरी. रात 8:15 पर फ्लाइट को रीवा पहुंचना था. रीवा-सतना के बीच मंडराने के बाद करीब 9:00 बजे फ्लाइट वापस दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गई. रात करीब 11:15 पर फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड हुई.
खराब मौसम के कारण फैसला
रीवा एयरपोर्ट के सीनियर मैनेजर योगेंद्र रजक के मुताबिक शुक्रवार शाम खराब मौसम होने के अलावा बारिश का पानी रनवे में भर जाने के कारण दिल्ली से रीवा आई अलायंस एयर की एटीआर-72 फ्लाइट को डायवर्ट किया गया. सेफ्टी को ध्यान मे रखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने यह निर्णय लिया. इस दौरान प्लेन 3 हजार फीट की उंचाई पर रीवा-सतना के आसमान में करीब 50 से 55 मिनट तक चक्कर लगाता रहा. खराब मौसम के ठीक होने का इंतजार किया गया. जब मौसम में कोई सुधार नहीं दिखा तो रात्रि 9:15 पर प्लेन को वापस दिल्ली एयरपोर्ट ले जाना पड़ा.
