khabar abhi tak

जबलपुर में नामी-गिरामी प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग की दबिश, कहीं सड़े हुए मोमोज मिले, तो कहीं मिठाईयां, ब्लिंकिट से 16 किलो पूजा घी जब्त किया

 

जबलपुर। जबलपुर में दूषित व मिलावटी खाद्य सामग्री के विक्रय को रोकने चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कई प्रतिष्ठानों की आकस्मिक दबिश दी। जहां पर पाया कि गंदगी के बीच मिठाई व मोमोज बनाए जा रहे थे। मामले में लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाये जाने पर एक प्रतिष्ठान के मैनेजर और मालिक के  विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई।

विजय नगर में राज डेयरी पर छापा-                                       

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में नगर निगम दल के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विजय नगर स्थित राज डेयरी में छापा मारा गया, यहां पर निरीक्षण के दौरान पनीर और घी के सैंपल लिए।

उखरी तिराहा पर ब्लिंकिट स्टोर्स से 16 किलो घी जब्त-

उखरी तिराहा स्थित ई कॉमर्स प्लेटफार्म ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के औचक निरीक्षण के दौरान पूजा घी के नाम से घी के पैकेट विक्रय करते पाये जाने पर मैनेजर की उपस्थित में पूजा घी का सैंपल लिया गया तथा 16 किलो पूजा घी जप्त किया गया। इसके साथ ही यहां से शंका के आधार पर अमूल बटर का सैंपल भी लिया गया।

दीनदयाल चौक में बड़कुल रेस्टारेंट में 100 पीस सड़े हुए मोमोज, 5 किलो शेजवान चटनी मिली-   

खाद्य विभाग की टीम ने दीनदयाल चौक स्थित बड़कुल स्वीट एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। यहां पर अत्यधिक गंदगी एवं अस्वच्छ परिस्थिति में भोजन एवं मिठाइयों का निर्माण करना पाया गया। डीप फ्रीजर में बहुत गंदा फफूंद लगा हुआ पाया गया जिसके अंदर सड़े हुए मोमोज लगभग 100 पीस तथा लगभग 5 किलो शेजवान चटनी रखे पाये गये। इनके सैंपल लेकर शेष सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया। 

मैनेजर व मालिक के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश-

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाये जाने पर नगर निगम मजिस्ट्रेट ने पर बड़कुल स्वीट एन्ड रेस्टोरेंट प्रतिष्ठान के मैनेजर एवं मालिक के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कराने के निर्देश दिये हैं। इसी प्रकार नगर निगम मजिस्ट्रेट द्वारा राज डेयरी पर 3 हजार रूपये का जुर्माना एवं बड़कुल स्वीट्स रेस्टोरेंट में 10 हजार रूपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जांच हेतु लिए गए सभी सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे है। रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak