khabar abhi tak

जबलपुर में पूमा के नकली चप्पल का बड़ा जखीरा बरामद,हड़कंप,देखें वीडियो



जबलपुर
। कोतवाली थाना क्षेत्र में पूमा कंपनी के नाम का गलत इस्तेमाल कर नकली स्लाईडर्स चप्पल बेचने वाले दो होलसेल दुकानदारों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। दिल्ली की लॉ फर्म के वकील और जांच अधिकारी मयंक शर्मा की लिखित शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। कोतवाली पुलिस ने तुलाराम चौक स्थित मैडम फुटवेयर के मालिक पंकज खत्री और जामा मस्जिद के पीछे अंधेरदेव स्थित आरके फुटवेयर के मालिक आवेद अली की दुकानों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में पूमा कंपनी जैसी दिखने वाली नकली चप्पलें बरामद की हैं। कुल 592 जोड़ी नकली चप्पलें जब्त की गई हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख 77 हजार 600 रुपये आंकी गई है।

​नामी कंपनी के नाम पर हो रही थी धोखाधड़ी

​पुलिस टीम ने मैडम फुटवेयर से 284 जोड़ी और आरके फुटवेयर से 308 जोड़ी नकली स्लाईडर्स जब्त की हैं। दोनों दुकानदार बिना किसी अधिकृत लाइसेंस या अनुमति के पूमा ब्रांड के नाम का उपयोग करके ग्राहकों को नकली उत्पाद बेच रहे थे। यह सीधे तौर पर कॉपीराइट अधिनियम का उल्लंघन है, जिससे न केवल कंपनी की साख खराब हो रही थी बल्कि आम लोगों को भी असली बताकर ठगा जा रहा था। पुलिस ने आरोपी पंकज खत्री और आवेद अली के विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम की धारा 51 और 63 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

​पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

​प्रशासन द्वारा की गई इस छापामार कार्रवाई ने बाजार में हड़कंप मचा दिया है। जबलपुर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नकली माल कहां से आ रहा था और इसके पीछे कौन-कौन से बड़े गिरोह शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ब्रांडेड कंपनियों के नाम का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है क्योंकि इससे उपभोक्ताओं को नकली और कम गुणवत्ता वाले सामानों से राहत मिलेगी। जांच अधिकारी मयंक शर्मा ने पुलिस का सहयोग करते हुए सभी आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध कराए थे, जिसके आधार पर ही यह सफल कार्रवाई संभव हो सकी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak