khabar abhi tak

संघमित्रा एक्सप्रेस से गिरा यात्री, सिर में पहुंची गंभीर चोटें, जिला अस्पताल में भर्ती कराया

कटनी. दानापुर से बेंगलुरु संघमित्रा एक्सप्रेस से बुधवार 1 जुलाई को एक यात्री ट्रेन से गिर गया। यह घटना मैहर रेलवे स्टेशन से रवाना होकर अमदरा स्टेशन की ओर बढ़ रही ट्रेन में हुई। यात्री के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल यात्री को कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

तेज रफ्तार ट्रेन के गेट पर बैठा यह यात्री अचानक असंतुलित होकर ट्रैक के किनारे जा गिरा। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और बचाव कार्य शुरू किया। अमदरा स्टेशन मास्टर को हादसे की खबर मिलते ही उन्होंने तुरंत कटनी के डिप्टी एसएस कमर्शियल सुरजीत आचार्य को सूचित किया। आचार्य ने तत्काल रेलवे के सफाई मित्रों की टीम को घटनास्थल पर भेजा और 108 एम्बुलेंस को भी बुलाया। रेलवे टीम और एम्बुलेंस कर्मियों ने ट्रैक के किनारे पड़े घायल यात्री को उठाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल कटनी जिला अस्पताल सिविल अस्पताल ले जाया गया।

कटनी जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, घायल यात्री की स्थिति अभी भी चिंताजनक है। डॉक्टरों ने बताया कि ऊंचाई से गिरने के कारण यात्री के सिर में गहरी चोट आई है और काफी खून बह चुका है। हादसे का शिकार हुआ यात्री फिलहाल बेहोश है और अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं है। इस कारण अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है और परिजनों की तलाश जारी है। रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें यात्री के पास से बरामद हुए सामान, बैग और टिकट की बारीकी से जांच कर रही हैं, ताकि उसकी शिनाख्त कर जल्द से जल्द उसके परिजनों को इस दुर्घटना की सूचना दी जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak