जबलपुर। खमरिया क्षेत्र के ग्राम सुंदरपुर में आज उस वक्त गांव के लोग आक्रोशित हो गए, जब उन्होने परियट नदी के किनारे स्थित नर्मदा जी की मूर्ति को खंडित देखा। मूर्ति के खंडित होने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों लोग एकत्र हो गए, जिन्होने प्रदर्शन कर नारेबाजी शुरु कर दी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने लोगों को आश्वासन दिया कि इस तरह का कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।
बताया गया है कि खमरिया के ग्राम सुंदरपुर में नदी के किनारे वर्ष 2016 में गांव के लोगों ने आपसी सहयोग से मां नर्मदा की मूर्ति की स्थापना कराई। उक्त मंदिर लोगों की आस्था का केन्द्र रहा, जहां पर सुबह से लेकर शाम तक गांव के लोगों का आना जाना होता, त्यौहार के मौके पर धार्मिक आयोजन किए जाते, जिसमें गांव के लोग परिवार के साथ शािमल होते थे। उक्त मूर्ति को किसी ने खंडित कर दिया। आज सुबह दस बजे के लगभग गांव के कुछ लोग मंदिर पहुंचे तो देखा कि मूर्ति खंडित अवस्था में पड़ी है। मूर्ति के खंडित होने की खबर गांव में आग की फैल गई, देखते ही देखते लोग एकत्र हो गए, जिन्होने घटना को लेकर आक्रोश जताते हुए नारेबाजी शुरु कर दी। लोगों का आरोप था कि किसी असामाजिक तत्व द्वारा इस तरह की घटना की गई है। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया और मामले की उचित जांच का आश्वासन दिया। पुलिस की समझाइश और संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेकर खंडित मूर्ति का विधिवत पूजन-अर्चन किया और विसर्जन के लिए उसे ग्वारीघाट ले गए।